MP News : बंद कमरे में मिले पति-पत्नी के शव, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका से फैली सनसनी
MP News : सतना। जिले के रामपुर बाघेलान क्षेत्र में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। तिवनी गांव में बंद कमरे के भीतर पति का शव फंदे पर लटका मिला, जबकि पत्नी जमीन पर मृत अवस्था में पाई गई। शुरुआती जांच में हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय रामनिवास कोरी और उनकी पत्नी शकुंतला कोरी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर रामपुर बाघेलान पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे संदिग्ध मामला मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

