MP Budget Session: एमपी में बजट सत्र के दौरान विधायकों की टेबल पर रखे जाएंगे टैबलेट, राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन के माध्यम से लागू होगी व्यवस्था
MP Budget Session: भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में एक अहम पहल की जा रही है। आगामी बजट सत्र से विधायकों की टेबल पर टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन (NEVA) के तहत लागू किया जा रहा है। शुरुआत में विधायकों को बजट से संबंधित दस्तावेज टैबलेट के माध्यम से देखने की सुविधा दी जाएगी, जबकि इसके व्यापक उपयोग के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि सभी सदस्य इसे सुगमता से संचालित कर सकें।
MP Budget Session: विधानसभा अधिकारियों के मुताबिक, टैबलेट इंस्टॉलेशन के लिए बिजली कनेक्शन सहित आवश्यक तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बजट सत्र से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी जाएंगी। देश के कई राज्यों में पहले से लागू इस डिजिटल प्रणाली से कागज की खपत में कमी आएगी और सदन की कार्यवाही अधिक तेज, पारदर्शी और पर्यावरण अनुकूल बनेगी।
MP Budget Session: टैबलेट में उपलब्ध अधिकांश सामग्री हिंदी में रहेगी, साथ ही हिंदी से अंग्रेजी में अनुवाद की सुविधा भी दी जाएगी। प्रश्न, कार्यसूची और अन्य दस्तावेजों को सर्च करने का विकल्प मिलेगा, यहां तक कि माइक्रोफोन के जरिए बोलकर भी जानकारी खोजी जा सकेगी। पासवर्ड के माध्यम से कहीं से भी NEVA सॉफ्टवेयर एक्सेस किया जा सकेगा। राष्ट्रीय सूचना केंद्र (NIC) की देखरेख में इस परियोजना को लागू किया जा रहा है, जिसके तहत देश की सभी विधानसभाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ा जा रहा है।
MP Budget Session: ई-विधानसभा प्रणाली के तहत प्रत्येक सदस्य की सीट पर डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएगी, जिससे एक क्लिक पर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। प्रश्नकाल के दौरान पूछे गए प्रश्न और उनके उत्तर भी स्क्रीन पर उपलब्ध होंगे। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि इस पहल से हर वर्ष कागज पर होने वाला करोड़ों रुपये का खर्च बचेगा और सदन की कार्यप्रणाली अधिक आधुनिक और प्रभावी बनेगी।

