मकान स्वामी को मिलेगा सब्सिडी का लाभ, किराएदारों को बिजली बिल देगा झटका
भोपाल। शहर के तीन लाख बिजली उपभोक्ताओं को अब बिजली सब्सिडी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर स्कीम के तहत से बैंक खातों में दी जाएगी। इसके लिए कंपनी उपभोक्ताओं के यहां ई-केवायसी प्रक्रिया पूरी कर रही है। शासनदेश है कि साल आखिर तक सभी ग्राहकों को बिल में सब्सिडी के बजाए बैंक खाते में राशि डाली जाए।
शहर के करीब 60 हजार से अधिक घर किराए पर हैं। सब्सिडी के साथ बिल आने पर किराएदार उसे जमा कर देते हैं। लेकिन बिजली बिल मकान मालिक के नाम है। इसलिए बैंक खाता व आधार नंबर उन्हीं का जुड़ेगा। ऐसे में सब्सिडी मकान मालिक के खाते में जाएगी और किराएदार को पूरा बिल जमा करना होगा। यदि मकान मालिक किराए में से सब्सिडी नहीं काटेगा तो विवाद की स्थिति बनेगी।
वही मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र में 5000 वर्गफीट क्षेत्रफल के 25 हजार 363 कनेक्शनों का बिजली बिल बेहद कम हैं। ये बिजली कंपनी की रेड लाइन पर हैं। गुरुवार को इन्हें चिन्हित किया गया। इनका फिजिकल वेरिफिकेशन होगा। जोन स्तर पर जांच की जाएगी।
इनमें से जहां भी एक से अधिक कनेक्शन मिलेंगे, उन्हें सरेंडर कराया जाएगा। हाल में एसीएस ने भोपाल की अरेरा कॉलोनी में 50 से अधिक कनेक्शनों की जांच की थी। यहां एक अधिक कनेक्शन पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद ही कंपनी ने जांच और कार्रवाई का सिलसिला शुरू हुआ है।

