पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सीएम यादव को लिखा पत्र, जंगल सत्याग्रह को टैक्स फ्री करने की मांग
- Rohit banchhor
- 20 Jan, 2025
फिल्म के निर्माण में आए खर्च को संस्कृति विभाग से अनुदान स्वरूप दिलाया जाए।
MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चीफ मिनिस्टर डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर बैतूल के आदिवासी नायको पर बनी जंगल सत्याग्रह फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की है। दिग्विजय सिंह ने पत्र लिखकर सीएम डॉक्टर मोहन यादव से कहा कि मध्यप्रदेश के आदिवासियों पर बनी फिल्म 'जंगल सत्यग्रह' को टैक्स फ्री किया जाए। इस फिल्म को सेंसर बोर्ड से पास कराने में सरकार की ओर से मदद की जाए। फिल्म के निर्माण में आए खर्च को संस्कृति विभाग से अनुदान स्वरूप दिलाया जाए।
MP News : सिंह ने लिखा, मध्यप्रदेश के आदिवासी बाहुल्य जिले बैतूल के प्रतिभाशाली युवाओं ने अपनी अपार क्षमताओं और सीमित संसाधनों से एक फिल्म 'जंगल सत्याग्रह' का निर्माण किया है। मध्यप्रदेश के आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों सरदार गंजन सिंह कोरकू, सरदार विष्णु गोंड, ठाकुर मोहकम सिंह, रामजी कोरकू एवं जुगरू गोंड के साहस और शौर्य पर बनाई गई इस फिल्म की कहानी, स्क्रिप्ट, डायलॉग, गाने, म्यूजिक, डायरेक्शन और प्रोडक्शन एवं मुख्य भूमिका निभाने वाले सभी किरदार आदिवासी समाज के है।
MP News : सभी मध्यप्रदेश के बैतूल, हरदा और होशंगाबाद जिले के मूल निवासी है। फिल्म की पूरी शूटिंग बैतूल जिले की घोड़ाडोंगरी व मुलताई तहसील एवं छिंदवाड़ा जिले की जुन्नारदेव तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों, सतपुड़ा रेंज के घने जंगलों और पहाड़ों, उनके बीच बहती नदियों के किनारों पर की गई है। इसमें स्थानीय लोगों ने भी फिल्म में भूमिकाएं निभाई है। मैंने 13 जनवरी 2025 को भोपाल में मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसरोवर सभागार में फिल्म का विशेष प्रीमियर शो रखा था। जिसमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विशेष रूप से आपको और भारतीय जनता पार्टी के समस्त नेताओं और विधायकों को भी आमंत्रित किया था।
MP News : फिल्म देखने के बाद ऐसा लगता है कि फिल्म का निर्माण किसी प्रोफेशनल, मंझे हुए डायरेक्टर ने किया है। बैतूल के प्रतिभाशाली, शिक्षित युवा आदिवासी डॉ. प्रदीप उइके ने विपरीत आर्थिक परिस्थितियों के बाद भी इस फिल्म का निर्माण करके दिखाया है। निश्चित तौर पर यह सराहनीय कार्य है और फिल्म से जुड़े सभी लोग सम्मान के हकदार हैं। मेरा आपसे निम्न बिंदुओं के साथ अनुरोध है कि आप केंद्र सरकार कि टवबंस थ्वत स्वबंस स्कीम के तहत उन्हें सहायता प्रदान कर मध्यप्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को उभरने का अवसर प्रदान करें।

