Breaking News
:

इलेक्ट्रॉनिक शॉप के ताले तोड़कर लाखों के उपकरण चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना, गांव में फैली सनसनी

चोरी

भोपाल/राजगढ़। शहरों के बाद अब गांव भी चोरों के आतंक से महफूज नहीं है। राजगढ़ जिले के कोटरीकलां गांव में बीती रात्रि चोरों ने मकबूल अली की इलेक्ट्रॉनिक दुकान के शटर का ताला तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपए कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। गांव के बीचो-बीच और दुकान मालिक के घर के बाहरी हिस्से में संचालित होने वाली इलेक्ट्रॉनिक शॉप में हुई चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। तीन शातिर नकाबपोश चोर स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर पहुंचे जहां उन्होंने पहले दुकान का ताला तोड़ा और फिर उसमें रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चुराकर अपने साथ ले गए।

उससे पहले उन्होंने शाम के समय दुकान की रेकी के लिए चक्कर भी काटे थे। दुकान संचालक मकबूल अली जब सुबह 8:30 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ, अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा हुआ पड़ा था। उन्होंने मौके से ही पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोटरी कलां चौकी और कुरावर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों की पकड़बंदी के लिए पुलिस गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेजो को भी खंगाल रही है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि तीनों ही चोर वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो गाड़ी से बोरखेड़ा मार्ग का उपयोग कर कुरावर पहुंचे और कुरावर से उन्होंने कालापीपल की और जाने वाले मार्ग पर अपनी गाड़ी को मोड़ा था। पुलिस अब आगे के रास्तों के सीसी टीवी चेक कर रही हैं। इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए नरसिंहगढ़ एसडीओपी उपेंद्रसिंह भाटी भी मौके पर पहुंचे और जल्द हीं चोरों को गिरफ्तार कर पुरे मामले का खुलासा करने की बात कही है। 


रात को 12:30 बजे तक जाग रहा था पूरा परिवार
फरियादी मकबूल अली के पुत्र मसनून अली ने फोन पर बातचीत में बताया कि चोरी की पूरी वारदात रात को एक से 2:00 बजे के बीच हुई है। रात्रि 12:30 बजे तक उनका पूरा परिवार जाग रहा था, उसके बाद सभी लोग सोने चले गए। तभी मोका पाकर चोरों ने उनके घर के बाहर ही मौजूद दुकान का सबसे पहले शटर तोड़ा उसके बाद दुकान के अंदर रखें कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चुरा लिया। सुबह  जैसे-जैसे चोरी की घटना का पता लगा पूरे गांव में सनसनी फैल गई।इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई सभी लोग अपने-अपने कयासों से चोरों की तफ्तीश करते हुए नजर आए। 


गांव में जरूरत के लिए शुरू की थी इलेक्ट्रॉनिक शॉप 
फरियादी मकबूल अली ने बताया कि वह सालों से मोटर वाइंडिंग का काम करते हैं। अपने बेटो के साथ मिलकर 3 साल पहले उन्होंने गांव की जरूरत को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक की बड़ी शॉप शुरू की थी। शॉप के शुरू होने के बाद बड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए लोगों को गांव के बाहर नहीं जाना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि गांव में बड़ी चोरी संभवता यह पहली घटना है।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us