अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हुई भोपाल पुलिस की सृजन योजना, डीजीपी ने ट्वीट कर दी जानकारी
भोपाल। राजधानी भोपाल की नगरीय पुलिस द्वारा सृजन योजना चलाई जा रही है। योजना के अंतर्गत पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी बच्चों को सुरक्षा के साथ पढ़ाई का प्रशिक्षण देते हैं। अब इस योजना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। मध्य प्रदेश के नवनियुक्त डीजीपी कैलाश मकवाना ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें गर्व है कि मध्य प्रदेश की सामुदायिक पुलिस योजना 'सृजन' को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक पुलिसिंग योजना के रूप में मान्यता मिली है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय पुलिस टीम और राज्य के हर नागरिक को दिया। डीजीपी मकवाना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट के जरिए यह बातें साझा कीं। दरअसल, भोपाल पुलिस ने किशोर बालक-बालिकाओं की सुरक्षा और संबल के लिए सामुदायिक पुलिस योजना के तहत 'सृजन' की शुरुआत की है। यह योजना पिछले 3 सालों से भोपाल जिले में संचालित हो रही है और इसमें करीब 2500 बच्चे शामिल हैं।


