KKR vs PBKS IPL 2026: पंजाब के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी केकेआर, कोलकाता में बारिश बिगाड़ सकती है खेल, देखें प्लेइंग 11 समेत पिच और हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
KKR vs PBKS IPL 2026: कोलकाता। आईपीएल 2026 का 12वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच सोमवार शाम ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। कोलकाता की नजरें इस सीजन में अपनी पहली जीत पर होगी, जबकि पंजाब लगातार तीसरी जीत हासिल कर टॉप पर पहुंचने की कोशिश करेगा।
KKR vs PBKS IPL 2026: केकेआर के लिए अहम मुकाबला
केकेआर की आईपीएल 2026 की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। टीम अपने शुरुआती दोनों मैच हार चुकी है और अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस से 6 विकेट से हार के बाद घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 65 रनों से हार का सामना करना पड़ा। अब कप्तान अजिंक्य रहाणे की टीम घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स को हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी।
KKR vs PBKS IPL 2026: पंजाब की नजर लगातार तीसरी जीत पर
पंजाब किंग्स ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर जगह बनाई है। टीम की बल्लेबाजी विस्फोटक है और गेंदबाजी घातक। बल्लेबाजी में प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली और कप्तान श्रेयस अय्यर मजबूत हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, विजय कुमार वैशाख और युजवेंद्र चहल का दमखम है। मार्को जानसेन और मार्कस स्टॉयनिस टीम को संतुलन प्रदान करते हैं।
KKR vs PBKS IPL 2026: ईडन गार्डन्स की पिच और मौसम का मिजाज
ईडन गार्डन्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण रन बनाना आसान होता है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है और स्पिन गेंदबाज असर दिखाते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दौरान बारिश की संभावना बनी हुई है। पूरे दिन बादल छाए रहने और शाम 7 से 8 बजे के बीच 40-50 प्रतिशत बारिश की आशंका है। बारिश और आंधी-तूफान के कारण मैच छोटा किए जाने या रुकने की संभावना है।
KKR vs PBKS IPL 2026: हेड टू हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं। केकेआर ने 21 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है। एक मुकाबला रद्द रहा था।
KKR vs PBKS IPL 2026: संभावित प्लेइंग-11
केकेआर: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), सी ग्रीन, आरके सिंह, रमनदीप सिंह, एसपी नरेन, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, एमपी स्टॉयनिस, एम जानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, विजय कुमार वैशाख, युजवेंद्र चहल।

