UP News : योगी सरकार का बड़ा फैसला, यूपी के 25 लाख युवाओं को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट
UP News : लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट खरीदने और निःशुल्क वितरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
UP News : 2000 करोड़ का प्रावधान, राज्य सरकार वहन करेगी खर्च
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना में 2000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना का पूरा खर्च राज्य सरकार खुद वहन करेगी, जिससे केंद्र सरकार पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। टैबलेट जल्द ही खरीद प्रक्रिया पूरी कर वितरित किए जाएंगे।
UP News : स्नातक से लेकर आईटीआई छात्रों को मिलेंगे टैबलेट
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बताया कि स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, आईटीआई और कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़े छात्र-छात्राओं तथा प्रशिक्षुओं को टैबलेट निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे युवा अपनी पढ़ाई को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा कर सकेंगे और आगे रोजगार, स्वरोजगार तथा विभिन्न योजनाओं में इसका लाभ उठा सकेंगे।
UP News : अब तक 60 लाख युवाओं को मिल चुके हैं टैबलेट-स्मार्टफोन
वर्ष 2021-22 से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। इस बार भी एक टैबलेट की अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये रखी गई है।
UP News : शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी
कैबिनेट बैठक में 22 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह और अनुदेशकों का मानदेय 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रतिमाह करने का फैसला लिया गया है। नया मानदेय 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा और मई के मानदेय में यह बढ़ोतरी जुड़कर आएगी।
UP News : विस्थापितों को भी मिलेगा लाभ
बैठक में विस्थापितों को भूमिधर का हक देने, परिवहन और बुनियादी ढांचे के विस्तार से जुड़े कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

