तीन प्रस्ताव को मिली मंजूरी: नगर निगम भवनों की छतो को किराए पर देगा, चौराहों को संवारने पर भी सहमति
- VP B
- 31 Aug, 2024
भोपाल नगर निगम परिषद ने शहर के विकास के लिए तीन प्रमुख प्रस्तावों को मंजूरी दी है। नए प्रस्तावों में नगर निगम की इमारतों की छतों को कोचिंग संस्थानों, रूफटॉप होटलों, और रेस्टॉरेंट्स के लिए किराए पर देने की अनुमति शामिल है।
भोपाल। शहर विकास के लिए नगर निगम परिषद बैठक में तीन प्रमुख प्रस्ताव मंजूर किए गए। अब नगर निगम की इमारतों की छतों को किराए पर कोचिंग, रूफटॉप होटल रेस्टॉरेंट संचालित किए जा सकेंगे। शहर के सबसे पॉश 10 नंबर मार्केट पर 500 वाहनों की नई मल्टी लेवल पार्किंग बनेगी। इसी भवन में नए शोरूम और दुकानें बनेंगी।
इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर ग्रीन एरिया बनाने, वाटर फाउंटेन, ट्रैफिक सिग्नल जैसे काम के लिए निजी कंपनियों को सोशल कॉर्पोरेट रिस्पांसिबिलिटी यानी सीएसआर एक्टिविटी के तहत गोद दें सकेगा। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की अध्यक्षता में महापौर मालती राय की परिषद ने बहुमत से इन प्रस्तावों को पारित किया है। नगर निगम के वार्ड कार्यालय जोन कार्यालय की छतें किराए पर नहीं मिलेंगी।

नादरा बस स्टैंड पर बन रहा मार्केट, कोलार, बागसेवनिया, कटारा हिल्स, गोविंदपुरा, भेल क्षेत्र, अवधपुरी, पिपलानी, अयोध्या बायपास, बैरागढ़, गांधीनगर, करोंद चौराहा के आसपास बनने वाले नए बाजार में यह नियम लागू होगा। ऑनलाइन टेंडर से उच्चतम बोली लगाने वाले नागरिक को छत पर किराया लेकर व्यवसाय करने की अनुमति दी जाएगी। यहां ओपन बार, शराब, सिगरेट का विक्रय नहीं होगा।

