भोपाल के स्टेट म्यूजियम में चोरी का मामला: बिहार के विनोद ने धूम फिल्म से ली थी ट्रेनिंग,एक बॉटल पानी के सहारे गुजारे 36 घंटे
भोपाल। स्टेट म्यूजियम में चोरी करने के इरादे से घुसे बिहार के विनोद यादव चोरी से पहले 180 दिन की प्रैक्टिस की। कई फिल्में देखीं और अंतत: धूम फिल्म से उसे चोरी का आइडिया मिला। इसके बाद वह चोरी के इरादे से रविवार को भोपाल पहुंचा। वारदात के बाद उसका बिहार भागने का प्लान था। यह खुलासा स्टेट म्यूजियम से चोरी करने वाले व्यक्ति ने पुलिस पूछताछ में किए हैं। आरोपी को पता था कि सोमवार को म्यूजियम बंद रहता है। रविवार शाम से वह म्यूजियम में था।
एक दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार सुबह 10.30 बजे कर्मचारियों ने म्यूजियम का ताला खोला तो अंदर दो कमरों में गैलरी के कांच टूटे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास सोने के सिक्के थे। इन सिक्कों की कीमत साढ़े चार करोड़ है। पूरे माल की कीमत 15 करोड़ से अधिक है। एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित ने बताया कि आरोपी बिहार का रहने वाला है। बिहार पुलिस से उसके रेकार्ड की जांच करा रहे हैं। पूछताछ में आरोपी ने सिक्कों के संबंध में जानकारी जुटाकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका तलाश रही एसटीएफ
मामले में स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) भोपाल से बिहार तक नेटवर्क खंगाल रही है। पुलिस का अनुमान है कि आरोपी किसी ऐसे गिरोह से जुड़ा हो सकता है, जो देश की अमूल्य धरोहरों की खरीद-फरोख्त में लिप्त है। पुलिस को आशंका है कि यह किसी अतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह का सदस्य हो सकता है।





