डॉक्टर बनने का सपना लेकर भोपाल आए छात्र की हार्टअटैक से मौत
MP News : भोपाल। डॉक्टर बनने का सपना संजोकर भोपाल आए एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक छात्र एमपी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक हॉस्टल में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। हॉस्टल में कमरे की साफ सफाई करने पहुंचे कर्मचारियों ने छात्र को बेसुध पड़ा देखा तो हॉस्टल प्रबंधन को इसकी सूचना दी। हॉस्टल प्रबंधन के लोग छात्र को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया।
MP News : पुलिस ने एमएलसी आने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। एमपी नगर टीआई जय हिंद शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों ने अटैक आने की आशंका जताई है,लेकिन मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने छात्र के शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। जानकारी के अनुसार पीयूष कोचेकर मूलत: पांढुर्ना का रहने वाला था। फिलहाल वह पिछले छह महीने से एमपी नगर जोन-2 स्थित एक होस्टल में रह रहा था।
MP News : इसके साथ ही एक कोचिंग सेंटर से नीट की तैयारी कर रहा था। पीयूष के चाचा अनिल कोचेकर हबीबगंज स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी करते हैं। बताया जाता है कि पीयूष शारीरिक रूप से स्वस्थ था और वह जिम भी जाता था। उसकी असमय मौत से परिवार काफी दुखी हैं। घटना से पहले वह रात को पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान रात करीब तीन बजे उसने अपने एक दोस्त से वीडियो कॉल पर बात की थी। उस वक्त वह पूरी तरह से स्वस्थ था।

