Raipur City News : रायपुर में 14-15 जुलाई को सजेगी ‘रंगोली’ एग्ज़िबिशन, फैशन और लाइफस्टाइल का मिलेगा प्रीमियम अनुभव
- Rohit banchhor
- 13 Jul, 2026
60 से अधिक डिज़ाइनर्स होंगे शामिल, राखी-तीज के लिए पारंपरिक और मॉडर्न कलेक्शन रहेगा आकर्षण
Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर में फैशन और लाइफस्टाइल प्रेमियों के लिए 14 और 15 जुलाई को दो दिवसीय ‘रंगोली’ एग्ज़िबिशन का आयोजन होटल सायाजी में किया जाएगा। देशभर के नामचीन डिज़ाइनर्स की मौजूदगी वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन वन बंधु परिषद महिला समिति की मीडिया प्रभारी कविता राठी करेंगी।
आयोजकों के अनुसार, पिछले नौ वर्षों में ‘रंगोली’ एग्ज़िबिशन्स देश के 15 राज्यों और 95 शहरों में अपनी सफल पहचान बना चुकी है। इस बार रायपुर में आयोजित प्रदर्शनी में 60 से अधिक डिज़ाइनर्स अपने विशेष और एक्सक्लूसिव कलेक्शन पेश करेंगे।
प्रदर्शनी में ब्राइडल वियर, ब्राइडल ज्वेलरी, एथनिक आउटफिट्स, गाउन्स, फैशन ज्वेलरी, रियल डायमंड्स, एक्सेसरीज़, हैंडबैग्स, किड्स वियर, होम डेकोर, होम एक्सेंट्स और अन्य लाइफस्टाइल उत्पादों की आकर्षक रेंज उपलब्ध रहेगी। आगंतुक न केवल इन उत्पादों को देख सकेंगे, बल्कि सीधे खरीदारी भी कर सकेंगे।
राखी और तीज़ जैसे आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए इस बार पारंपरिक और आधुनिक डिज़ाइनों का विशेष संगम प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहेगा। आयोजकों का कहना है कि ‘रंगोली’ एग्ज़िबिशन्स का उद्देश्य देशभर के प्रतिभाशाली डिज़ाइनर्स को एक प्रीमियम मंच उपलब्ध कराना और ग्राहकों को नवीनतम फैशन ट्रेंड्स से जोड़ना है।

