Raipur City News : रायपुर के स्कूल में बड़ा हादसा, क्लासरूम में छात्र पर गिरा सीलिंग फैन
Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित राय पब्लिक स्कूल में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक छत पर लगा सीलिंग फैन टूटकर चौथी कक्षा के एक छात्र के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में 10 वर्षीय छात्र लक्ष्य पाल घायल हो गया, जिसकी आंख में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कक्षा में नियमित रूप से पढ़ाई चल रही थी, तभी अचानक सीलिंग फैन टूटकर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में लक्ष्य पाल आ गया। शिक्षक और स्कूल स्टाफ ने तुरंत घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया तथा परिजनों को घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि कक्षा में लगे पंखों और अन्य उपकरणों का समय-समय पर निरीक्षण नहीं किया गया, जिससे बच्चों की जान जोखिम में पड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल सीमेंट शीट की छत वाले भवन में संचालित हो रहा है। इस हादसे के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और भवन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों ने मांग की है कि स्कूलों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मामला माना थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्कूल प्रबंधन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

