Breaking News
:

CG Crime : बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, 4 नाबालिग बंदी फरार

CG Crime

पुलिस-फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉयड जांच में जुटे

CG Crime : बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में तैनात एक सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह में बंद चार नाबालिग फरार हो गए हैं, जिन पर वारदात में शामिल होने का संदेह है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।


मृतक की पहचान तखतपुर निवासी 42 वर्षीय नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है, जो बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र के हाथ-पैर बांधकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या की गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना में चार नाबालिग बंदियों के शामिल होने की आशंका है।


इनमें तीन रायगढ़ और एक कोरबा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वारदात के बाद चारों बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।


मृतक के परिजनों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नरेंद्र लंबे समय से तबादले की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। फिलहाल पुलिस हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरार चारों नाबालिगों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us