CG Corona Update : छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ा कोरोना का खतरा, 24 घंटे में 3 नए केस, प्रशासन हाई अलर्ट पर...
- Rohit banchhor
- 09 Jun, 2025
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग और सावधानी बरतने की अपील की है।
CG Corona Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस एक बार फिर चिंता का सबब बन रहा है। बीते 24 घंटे में रायपुर में 2 और दुर्ग में 1 नए मरीज की पुष्टि हुई है। राज्य में अब तक कुल 56 कोविड मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें से 14 पूरी तरह स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में 41 एक्टिव केस हैं।
शुक्रवार को रायपुर में 11, बिलासपुर में 5 और बालोद में 1 मरीज मिले थे, जो नए वैरिएंट के बाद एक दिन में सबसे अधिक मामले हैं। पिछले 48 घंटे में 6 नए मरीज सामने आए, जिनमें रायपुर और दुर्ग से तीन-तीन मामले शामिल हैं। अब तक रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बालोद और बस्तर में कोविड के मामले दर्ज किए गए हैं।
कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है। सरकारी अस्पतालों और हेल्थ सेंटर्स में स्टाफ की ट्रेनिंग, सैंपल कलेक्शन, इलाज की प्रक्रिया और आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉकड्रिल की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग और सावधानी बरतने की अपील की है।

