इंग्लैंड सीरीज से पहले पीसीबी को लगा झटका, मीडिया राइट्स के लिए नहीं मिला कोई खरीदार
इस्लामाबाद: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को एक बड़ा झटका लगा है। जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा। दरअसल पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज के अंतरराष्ट्रीय मीडिया अधिकार नहीं बिके। यह सीरीज 7 अक्टूबर से मुल्तान में शुरू होगी, लेकिन पीसीबी के पास कोई अंतरराष्ट्रीय प्रसारक नहीं है, जिसका मतलब है कि इसका प्रसारण पाकिस्तान के बाहर नहीं हो सकेगा, जिससे बोर्ड को भारी वित्तीय नुकसान होगा।
इसके बाद, पीसीबी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू श्रृंखला और वेस्टइंडीज के खिलाफ महिला श्रृंखला के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू की। इस बार दो पाकिस्तानी कंपनियों ने मिलकर 99,000 डॉलर की संयुक्त बोली लगाई, जिसे पीसीबी ने स्वीकार कर लिया।
वहीं पीसीबी ने 2024 से 2026 तक के लिए अंतरराष्ट्रीय मीडिया अधिकार बेचने का प्रयास किया, लेकिन किसी भी बोली ने उनकी मांग का 50 प्रतिशत भी नहीं छुआ। स्काई स्पोर्ट्स, जो यूनाइटेड किंडोम में पाकिस्तान क्रिकेट का प्रमुख प्रसारक रहा है, उन्होंने भी अधिकार खरीदने में रुचि नहीं दिखाई। पीसीबी के सूत्रों के अनुसार, अगर बोर्ड को कम कीमत पर अधिकार बेचना पड़ा, तो यह उनके लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट का ये हाल उनकी टीम का गिरता प्रदर्शन और उनकी लोकप्रियता में आई कमी की वजह से है।
जानकारी हो कि पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 7 अक्टूबर से मुल्तान में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच 15 से 19 अक्टूबर के बीच इसी स्टेडियम में आयोजित होगा। सीरीज का आखिरी मैच 24 अक्टूबर से रावलपिंडी में होना है।

