CG Weather News : छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक, दंतेवाड़ा से शुरू हुआ सफर, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट...
- Rohit banchhor
- 29 May, 2025
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले 24 घंटों में मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है।
CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 28 मई 2025 को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग ने बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज बारिश के साथ अंधड़ की आशंका जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले 24 घंटों में मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों में डिप्रेशन में बदल सकता है। यह चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला है और उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही, एक द्रोणिका पश्चिमी राजस्थान से उत्तरी छत्तीसगढ़ तक और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण के कारण 29 और 30 मई को छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।
पेण्ड्रा रोड में तापमान का उतार-
चढ़ाव- पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। बस्तर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रहा, वहीं अन्य संभागों में भी तापमान सामान्य से नीचे रहा। पेण्ड्रा रोड में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.3°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8°C दर्ज किया गया।
अगले 48 घंटों में तापमान में वृद्धि-
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 48 घंटों के बाद छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। रायपुर शहर में अगले 24 घंटों में मेघमय आकाश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रह सकता है।
पांच दिनों तक भारी बारिश का अनुमान-
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां अंधड़ और भारी वर्षा की संभावना है।

