CG News : चीतल की मौत पर कार्रवाई, दो वनकर्मी सस्पेंड, लापरवाही पर विभाग सख्त
- Rohit banchhor
- 03 Nov, 2025
वहीं उप वनमंडलाधिकारी कसडोल को घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।
CG News : बलौदाबाजार। वन विभाग ने चीतल की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। दफनाने की प्रक्रिया में लापरवाही और नियमों की अनदेखी करने पर दो वनकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने की है।
बता दें कि 23 अक्टूबर 2025 को बलौदाबाजार वनमंडल के अर्जुनी परिक्षेत्र अंतर्गत दक्षिण महराजी परिसर में एक मादा चीतल मृत पाई गई थी। लेकिन वनरक्षक ने बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए और बिना पोस्टमार्टम कराए मृत चीतल को दफना दिया। जांच में यह भी सामने आया कि चीतल को पहले एक स्थान पर दफनाने के बाद दोबारा स्थानांतरित कर दूसरी जगह दफनाया गया था, जो वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के विपरीत है।

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के बाद वनरक्षक राजेश्वर वर्मा और नरोत्तम पैंकरा को कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया। वहीं उप वनमंडलाधिकारी कसडोल को घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।

