चौथी बार होने जा रहा कैट शो,पांच हजार से लेकर 5 लाख तक की 300 बिल्लियां करेंगी पार्टिसिपेट
- Rohit banchhor
- 09 Dec, 2024
इस शो में सबसे खास आकर्षण मेनकून नस्ल की बिल्ली होगी, जो उत्तरी अमेरिका की एक दुर्लभ नस्ल है और बिल्लियों में सबसे लंबी मानी जाती है।
MP News : भोपाल। राजधानी भोपाल के कोहेफिजा स्थित लेक व्यू गार्डन में 15 दिसंबर, रविवार को एक भव्य कैट शो आयोजित होने जा रहा है। इस शो में 10 विभिन्न नस्लों की 300 बिल्लियां हिस्सा लेंगी। इन बिल्लियों की कीमत 5 हजार रुपए से लेकर 5 लाख रुपए तक हो सकती है। यह शो सुबह 10 बजे से लेकर शाम तक चलेगा। यह चौथी बार है जब भोपाल में कैट शो आयोजित हो रहा है, इससे पहले 2019, 2022 और 2023 में भी कैट शो आयोजित किए गए थे। इस शो में सबसे खास आकर्षण मेनकून नस्ल की बिल्ली होगी, जो उत्तरी अमेरिका की एक दुर्लभ नस्ल है और बिल्लियों में सबसे लंबी मानी जाती है।
MP News : कैट शो का उद्देश्य बिल्ली पालने वालों को प्रोत्साहित करना और उनके बीच आपसी मेल-जोल बढ़ाना है। शो के दौरान बिल्लियों की चैम्पियनशिप भी आयोजित होगी। इच्छुक प्रतिभागी फिलाइन क्लब ऑफ इंडिया के इंस्टाग्राम पेज पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। क्लब के पहले से रजिस्टर्ड कैट ऑनर को 600 रुपए और नॉन रजिस्टर्ड को 1350 रुपए फीस देनी होगी। यदि आप केवल शो देखने आ रहे हैं, तो टिकट मौके पर उपलब्ध होगा।
MP News : कैट शो में शामिल बिल्लियों का मूल्यांकन एक तीन सदस्यीय ज्यूरी करेगी, जो बिल्लियों का रिव्यू पांच प्रमुख पैरामीटरों पर करेगी 1) ब्यूटीफिकेशन, 2) ब्रीड स्टैंडर्ड, 3) टेंपरामेंट, 4) हेल्थ, और 5) हाइजीन। यह ज्यूरी ही तय करेगी कि शो में कौन सी बिल्ली "शो स्टॉपर" बनेगी। क्लब की प्रमुख नाजनीन ने बताया कि ज्यूरी को इन पैरामीटरों के आधार पर बिल्लियों का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं।

