कांग्रेस की रैली को असफल बनाने बीजेपी ने चली नई चाल, भोपाल में होगा प्रबुद्धजन सम्मेलन, नड्डा-शाह के जरिए बिछेगी सियासी बिसात
भोपाल। संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के डॉ. भीमराव अंबेडकर पर दिए गए बयान के विरोध में कांग्रेस 27 जनवरी को महू में जय भीम, जय बापू, जय संविधान रैली निकालने जा रही है। इस रैली के पहले बीजेपी भी मप्र के बड़े शहरों में संविधान को लेकर सम्मेलन की तैयारी कर रही है। गणतंत्र दिवस के पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी भोपाल आ सकते हैं।
एमपी बीजेपी 25 जनवरी को भोपाल में हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी में हैं। हालांकि अभी बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से सम्मेलन की तारीख तय नहीं की गई है।गृहमंत्री के बयान के बाद कांग्रेस ने जिस तरह से सियासी हमले शुरू किए, उसका जबाव देने के लिए बीजेपी ने भी सम्मेलन करने की रणनीति बनाई है।
इसी कड़ी में भोपाल में गृहमंत्री अमित शाह के अलावा जबलपुर में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को बुलाने की तैयारी है। प्रदेश के दूसरे बड़े शहरों में भी सम्मेलनों का आयोजन होगा जिसमें भी पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं को बुलाने की योजना बन रही है।महू स्थित भीमराव अंबेडकर जन्मस्थली पर जय भीम, जय बापू, जय संविधान रैली के बाद कांग्रेस की यात्रा देश के गांव-गांव तक जाएगी।
कांग्रेस गृहमंत्री अमित शाह के बयान को अंबेडकर विरोधी मानसिकता बताते हुए उनके गृह मंत्री के पद से इस्तीफे की मांग पर अड़ी है। इधर पूरे मामले पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को बाबा साहेब के अपमान पर जबाव देना चाहिये। देश को यह भी बताना चाहिये कि उन्हें संसद में जाने से किसने रोका था और डॉ. अंबेडकर को मंत्री पद से इस्तीफा क्यों देना पड़ा था?

