एम्स हॉस्पिटल में नौकरी दिलवाने के नाम पर दर्जन भर लोगों से लाखों की ठगी
भोपाल। एम्स में आउटसोर्स कर्मचारी की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने करीब दर्जनभर लोगों से 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। बागसेवनिया पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि ठगी के संबंध में रीतेश प्रजापति समेत अन्य लोगों ने शिकायत की है।
शिकायती आवेदन में उन्होंने बताया था कि शंकर बिरले नामक युवक ने उन्हें एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। वह आउटसोर्स कर्मचारी की नौकरी दिलवा रहा था। इसके एवज में उसने पैसे लिए थे। पीड़ितों ने आरोपी को 18 लाख रुपए दिए, लेकिन आरोपी ने उनकी नौकरी नहीं लगवाई। जब पीड़ित अपनी रकम मांगने गए तो वह फरार हो गया। पुलिस ने जांच की पता लगा कि शंकर खुद एम्स में आउटसोर्स कर्मचारी था। वह लोगों के साथ ठगी करने के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

