MP News : कांस्टेबल ने उठाया खौफनाक कदम, सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर दी जान, वजह बनी पहेली
MP News : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से पुलिस विभाग को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। मल्हारगंज थाना क्षेत्र स्थित सरकारी आवास में पदस्थ आरक्षक अरविंद तोमर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से विभाग में शोक और हैरानी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अरविंद तोमर यातायात एसीपी जोन-1 में मुंशी के पद पर कार्यरत थे और वर्ष 2018 में पुलिस सेवा में शामिल हुए थे। खास बात यह है कि उनका हाल ही में दिल्ली पुलिस में चयन भी हो गया था और वे जल्द ही ज्वाइन करने वाले थे।
बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 10 बजे ड्यूटी खत्म कर वे अपने सरकारी आवास लौटे थे। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। मृतक का मोबाइल और अन्य सामान जब्त कर जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। परिवार को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

