MP News : पांढुर्णा में भीषण आगजनी से 20 घर जलकर हुए राख, दर्जनों पशुओं ने तोड़ा दम
MP News : पांढुर्णा। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले के सौसर क्षेत्र स्थित दवामी गांव में रविवार को भीषण आगजनी ने भारी तबाही मचा दी। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब 20 घर जलकर खाक हो गए। इस दर्दनाक घटना में एक दर्जन से अधिक पशुओं की भी जलकर मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे, जबकि कई परिवारों का पूरा सामान चंद मिनटों में राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि पशुओं के चारे या चूल्हे से निकली चिंगारी ने इस भीषण हादसे को जन्म दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है।
राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पशुधन के नुकसान ने कई परिवारों को गहरी चोट पहुंचाई है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है।

