Jharkhand : अवैध कोयला खदान में जहरीली गैस रिसाव से चार मजदूरों की मौत
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना अरगड्डा क्षेत्र के गिद्दी स्थित सीसीएल की बंद पड़ी खदान में हुई, जहां कोयला निकालने के लिए कुछ लोग अवैध रूप से घुसे थे।
जहरीली गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, खदान के अंदर अचानक जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे वहां मौजूद मजदूर फंस गए। गैस फैलते ही खदान के अंदर हड़कंप मच गया और सभी लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन तब तक स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी थी।
रेस्क्यू के बाद चारों शव बरामद
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और सीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी चार मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित किया, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान हुई
मृतकों की पहचान छोटकी टोंगी सिरका अरगड्डा निवासी देवा कुमार बेदिया और डब्ल्यू बेदिया तथा सिरका बुध बाजार निवासी आशीष रजवार और किशोर रवानी के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
रामगढ़ सदर अस्पताल के उपाधीक्षक के अनुसार, चारों मौतों की पुष्टि कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है कि आखिर इतनी खतरनाक स्थिति में अवैध खनन कैसे जारी था।

