Cyber Fraud : डिजिटल अरेस्ट के नाम पर करोड़ों की ठगी, पुलिस ने पिता-पुत्र को महाराष्ट्र से दबोचा
- Rohit banchhor
- 25 May, 2026
आरोपियों के बैंक खाते में 54 लाख 40 हजार रुपये ट्रांसफर होने के बाद पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ।
Cyber Fraud : बिलासपुर। जिला रेंज साइबर थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट से जुड़े बड़े साइबर ठगी मामले का खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के भंडारा से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खाते में 54 लाख 40 हजार रुपये ट्रांसफर होने के बाद पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस के मुताबिक साइबर अपराधियों ने एक महिला को व्हाट्सएप मैसेज और वीडियो कॉल के जरिए खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर डराया। महिला को आतंकवादी संगठन से नाम जुड़ा होने और गिरफ्तारी की धमकी देकर “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया। डर और दबाव में आकर महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये जमा करा दिए।
मामले की शिकायत के बाद रेंज साइबर थाना बिलासपुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच में आईसीआईसीआई बैंक के एक खाते में 54 लाख 40 हजार रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। इसके बाद साइबर टीम महाराष्ट्र के भंडारा पहुंची और गांधी वार्ड निवासी मोहम्मद नेमतउल्लाह मंसूरी और उसके पिता अब्दुल कयूम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी 2 प्रतिशत कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराता था। इसी खाते का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन ठगी में किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नेपाल के काठमांडू जाकर भी साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पिता भी इस अवैध नेटवर्क का हिस्सा था और मुख्य आरोपियों के संपर्क में रहकर कमीशन लेता था। फिलहाल साइबर पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

