लाइव कॉन्सर्ट में मुर्गे का गला काट पी गया खून, अरुणाचल प्रदेश के इस सिंगर के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
नई दिल्ली: अरुणाचल प्रदेश के मशहूर संगीतकार कोन वाई सोन के खिलाफ पुलिस ने पशु क्रूरता के मामले में एफआईआर दर्ज की है। ईटानगर में 27 अक्टूबर को एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान सोन ने मंच पर एक मुर्गे का गला काटा और उसका खून निचोड़कर पी लिया, जिससे दर्शकों में खलबली मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जानवरों के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था पेटा इंडिया ने इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और जानवरों के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
सोन, जो पूर्वी कामेंग जिले के सेप्पा के निवासी हैं, ने अपनी हरकत के लिए माफ़ी भी मांगी है। उन्होंने माफी मांगते हुए कहा, "जो कुछ भी हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। अगर किसी को ठेस पहुंची हो, तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।" पेटा इंडिया ने एफआईआर के साथ सिंगर की मानसिक स्थिति की जांच की भी मांग की, यह कहते हुए कि जानवरों पर क्रूरता गहरे मानसिक असंतुलन का संकेत हो सकती है। पेटा ने सरकार से जानवरों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ सख्त कानून लागू करने की भी मांग की है।

