Breaking News
:

CG Weather News : मानसून ने बदला छत्तीसगढ़ का मिजाज, बारिश-आंधी के साथ 5 दिन तक राहत के संकेत

CG Weather News

राजधानी रायपुर समेत बस्तर, दंतेवाड़ा और बीजापुर में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

CG Weather News : रायपुर। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने छत्तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। 22 जून को प्रदेश में प्रवेश करते ही मौसम का मिजाज बदल गया और गर्मी व उमस से बेहाल लोगों को बड़ी राहत मिली। राजधानी रायपुर समेत बस्तर, दंतेवाड़ा और बीजापुर में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।


मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है। हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है।


दक्षिण छत्तीसगढ़ में मानसून का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। जगदलपुर में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 3 सेंटीमीटर और बलरामपुर में 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं रायपुर में मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।


मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक राजस्थान से बिहार तक फैली मौसमी द्रोणिका और दक्षिण भारत में सक्रिय सिस्टम के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के साथ मानसूनी मौसम का पूरा असर देखने को मिल सकता है।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us