CG News : पत्नी ने हंसिए से काटा पति का प्राइवेट पार्ट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, इस वजह से दी वारदात को अंजाम
CG News : बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद देर रात खौफनाक वारदात में बदल गया। दूसरी महिला से संबंध होने के शक में गुस्साई पत्नी ने अपने पति के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पति का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, राकेश कौशिक पेशे से राजमिस्त्री हैं। उनकी पत्नी द्रोपति कौशिक को लंबे समय से शक था कि राकेश का किसी दूसरी महिला से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रात में भी खाना खाने के बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब एक बजे गुस्से में आई द्रोपति ने घर में रखे लोहे के हंसिए से पति के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर काट दिया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी राकेश के बेटे समीर ने उसकी बुआ रेखा कौशिक को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राकेश को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी पत्नी से पूछताछ की है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायल पति के बयान के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में सनसनी और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

