CG News : सीमा पर बाघ का आतंक, दिन-दहाड़े बैल पर हमला, जान बचाने पेड़ पर चढ़े ग्रामीण
- Rohit banchhor
- 08 Mar, 2026
बाघ ने अब औंधी क्षेत्र के बागडोंगरी गांव में दिन-दहाड़े हमला कर इलाके में खौफ फैला दिया।
CG News : मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा से लगे जंगलों में बाघ की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। बीते एक महीने में एक ग्रामीण और दो मवेशियों को अपना शिकार बना चुके बाघ ने अब औंधी क्षेत्र के बागडोंगरी गांव में दिन-दहाड़े हमला कर इलाके में खौफ फैला दिया।
जानकारी के मुताबिक, मानपुर दक्षिण वन परिक्षेत्र के बागडोंगरी गांव में एक ग्रामीण का बैल गांव के पास चर रहा था, तभी अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर बैल अपने मालिक के घर तक पहुंचा, जहां उसके शरीर पर बाघ के पंजों के गहरे निशान और गर्दन पर दांतों के घाव देखे गए।
इसी इलाके के मरकाटोला मोहल्ले में भी बाघ का सामना दो ग्रामीणों से हो गया, जो खेत में भुट्टे की फसल की रखवाली कर रहे थे। बाघ को देखते ही दोनों जान बचाने के लिए पास के एक पेड़ पर चढ़ गए। हैरानी की बात यह रही कि बाघ लंबे समय तक उसी पेड़ के आसपास मंडराता रहा, मानो शिकार की ताक में हो।
गांव में खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण टॉर्च लेकर मौके पर पहुंचे। लोगों की हलचल और तेज रोशनी देखकर बाघ जंगल की ओर भाग गया, जिसके बाद पेड़ पर फंसे ग्रामीण सुरक्षित नीचे उतर सके।
लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोग दहशत में हैं। इन दिनों महुआ संग्रहण का सीजन चल रहा है, लेकिन बाघ के डर से ग्रामीण जंगल जाने से कतराने लगे हैं। वहीं जंगल के रास्ते स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग ने इलाके में ट्रैप कैमरे लगाकर बाघ की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। बताया जा रहा है कि 12 फरवरी से अब तक बाघ ने छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सीमा के कई गांवों में मवेशियों और एक ग्रामीण पर हमला कर इलाके में दहशत फैला दी है।

