CG News : नहर में नहाने गए तीन बच्चे बहे, एक की मौत, दूसरा घायल
- Rohit banchhor
- 06 May, 2026
तीन बच्चों में से एक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
CG News : बलौदाबाजार। जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां गर्मी की छुट्टियां मनाने आया एक मासूम कभी वापस घर नहीं लौट सका। भाटापारा की मुख्य शाखा नहर में नहाने गए तीन बच्चों में से एक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय ब्लेसन डीगल उर्फ रिहान के रूप में हुई है, जो कंधमाल जिले का रहने वाला था। वह छुट्टियां बिताने के लिए अपने रिश्तेदारों के पास शांति नगर आया हुआ था। बुधवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया, लेकिन तेज बहाव ने पलभर में सब कुछ बदल दिया।
बताया जा रहा है कि पानी का बहाव इतना तेज था कि तीनों बच्चे उसमें बहने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बाकी दो बच्चों को भी बाहर निकाला, लेकिन तब तक रिहान की सांसें थम चुकी थीं।
दूसरे बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

