CG News : बोरी फैक्ट्री हादसा, 25 फीट से गिरकर मजदूर की मौत, सुरक्षा लापरवाही पर उठे सवाल
- Rohit banchhor
- 06 May, 2026
अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
CG News : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीपत थाना क्षेत्र स्थित पंधी की बोरी फैक्ट्री में काम के दौरान एक मजदूर 25 फीट की ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान लक्ष्मी प्रसाद धीवर के रूप में हुई है, जो जांजी गांव का निवासी था और रोज़ी-रोटी के लिए फैक्ट्री में काम करता था। बताया जा रहा है कि बुधवार को वह ऊंचाई पर चढ़कर जाल और करकट की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे आ गिरा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और साथियों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने मजदूरों को जरूरी सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध नहीं कराए, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। परिजनों ने मुआवजे और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

