Breaking News
:

CG News : लग्जरी कारों में छिपाकर ले जाया जा रहा 300 किलो गांजा बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

CG News

वाहनों और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

CG News : रायगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। उड़ीसा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप को पुलिस ने रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान दो लग्जरी वाहनों में सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि वाहनों और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।


पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा के सोनपुर इलाके से भारी मात्रा में गांजा दो सफेद रंग की कारों के जरिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू कर दी। कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान संदिग्ध इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की गई। जांच में इनोवा पर दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी मिलीं, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।


तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 300 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेंद्र कुमार मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी।


कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 20 लाख रुपये कीमत की इनोवा क्रिस्टा, 14 लाख रुपये की मारुति सुजुकी एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं, जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस का मानना है कि यह केवल एक खेप नहीं बल्कि एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। इसी कड़ी में फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए विशेष टीमों को सरगुजा और मध्यप्रदेश के अनूपपुर रवाना किया गया है।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us