UP News : एक ही घर में खत्म हुई दो जिंदगियां, पत्नी को गोली मारने के बाद पति ने भी दी जान
UP News : फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। सुभाष तिराहा क्षेत्र स्थित एक घर में रिटायर्ड दरोगा राकेश यादव ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी मूर्ति देवी को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक राकेश यादव पूर्व कांग्रेस विधायक जगदीश यादव के पुत्र थे, जो 1980 के दशक में शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। दोहरी मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी सहित स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घर से लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर उसे कब्जे में ले लिया है। दोनों को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मूर्ति देवी लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं। वहीं राकेश यादव पर एक मुकदमा भी चल रहा था। अधिकारियों का कहना है कि दंपती मानसिक तनाव से गुजर रहे थे और इसी वजह से यह कदम उठाए जाने की आशंका है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुज चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

