CG News : किराए पर लिया ट्रेलर, फर्जी नाम से किया सौदा और बेच डाला वाहन, दो साल बाद खुली लाखों की ठगी की कहानी
- Rohit banchhor
- 15 Jun, 2026
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है।
CG News : रायगढ़। जिले में भरोसे का फायदा उठाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने फर्जी पहचान और नकली किरायानामे के सहारे ट्रेलर वाहन किराए पर लिया, फिर उसे रायपुर में बेचकर रकम हड़प ली। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है।
मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है, जहां गोरखा निवासी वाहन मालिक हरदीप सिंह 55 वर्ष ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति ने खुद को राकेश डनसेना बताकर ट्रेलर किराए पर लेने की बात कही थी। दोनों के बीच 80 हजार रुपये प्रतिमाह किराया तय हुआ और बाकायदा किरायानामा तैयार कर वाहन सौंप दिया गया।
विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने सुरक्षा के तौर पर हस्ताक्षर किया हुआ ब्लैंक चेक भी दिया। कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और न तो किराया मिला, न ही वाहन वापस लौटा। संदेह होने पर वाहन मालिक ने स्वयं पड़ताल की, जिसमें पता चला कि कथित राकेश डनसेना का असली नाम सुदामा प्रधान उर्फ छोटू 28 वर्ष निवासी ग्राम गहलोई, थाना पुसौर है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर पहले से ही ट्रेलर बेचने की साजिश रची थी। फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहन हासिल किया गया और बाद में रायपुर में उसे 5.20 लाख रुपये में बेच दिया गया। रकम को दोनों आरोपियों ने आपस में बांट लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ट्रेलर को रायपुर के एक डिस्पोजल गोदाम में काटकर खत्म कर दिया गया था, जिससे वाहन की पहचान मिटाई जा सके। आरोपी ने पूछताछ में कई अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जानकारी दी है, जिसकी जांच जारी है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुदामा प्रधान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और यदि अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो उनके मामलों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।

