UP News : फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर विधवा-वृद्धा पेंशन में करोड़ों का घोटाला, 4 आरोपी गिरफ्तार
UP News : बरेली। थाना आंवला पुलिस ने सरकारी योजनाओं में फर्जी दस्तावेज़ों के जरिए करोड़ों रुपये का गबन करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों हरीश कुमार, शांतिस्वरूप, मुनीष और प्रमोद को गिरफ्तार किया है।
UP News : शिकायतकर्ता यासमीन जहाँ की शिकायत के आधार पर जांच में सामने आया कि यह गिरोह सीधे-साधे लोगों को पेंशन योजना और डबल स्कीम का लालच देकर उनके आधार कार्ड और आवश्यक दस्तावेज हासिल करता था। इसके बाद, इन लोगों के नाम पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किए जाते और विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन के रूप में सरकारी धनराशि अपने और परिचितों के खातों में डाल ली जाती थी।
UP News : जांच में पता चला कि वर्ष 2021 से अब तक इस गिरोह ने 56 लोगों को विधवा पेंशन और 2 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का फर्जी लाभार्थी दिखाकर कुल 1,23,22,647 रुपये का गबन किया। इसके लिए गिरोह ने सात अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों की छायाप्रति भी बरामद की है।
UP News : पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में हरीश कुमार पुत्र चन्द्रपाल (बसंत बिहार कॉलोनी, थाना आंवला), शांतिस्वरूप पुत्र मलखान (मोहल्ला शास्त्रीगली, थाना आंवला), मुनीष पुत्र हीरालाल (ग्राम बिलौरी, थाना आंवला) और प्रमोद पुत्र भीकमलाल (ग्राम सेंधा, थाना भमौरा) को शामिल किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

