Raipur City Crime : बैंक मित्र और च्वाइस सेंटर संचालकों को लूटने वाला गिरोह गिरफ्तार, मिर्ची पाउडर और चाकू के दम पर देता था वारदात को अंजाम
- Rohit banchhor
- 16 Jun, 2026
कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
Raipur City Crime : रायपुर। अभनपुर क्षेत्र में बैंक मित्रों और च्वाइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, दो बाइक, चार मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए गए हैं। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ग्राम सारखी और हसदा क्षेत्र में दो अलग-अलग लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। एक मामले में बैंक मित्र से 2 लाख रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया गया था, जबकि दूसरे मामले में च्वाइस सेंटर संचालक से डेढ़ लाख रुपये की नकदी छीन ली गई थी।

वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी पहले सुनसान जगहों पर घात लगाकर बैठते थे। मौका मिलते ही पीड़ितों का रास्ता रोककर उनके चेहरे पर मिर्ची पाउडर फेंकते और चाकू दिखाकर नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो जाते थे।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गिरोह की पहचान की। पूछताछ में मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम ने कर्ज में डूबे होने के कारण साथियों के साथ मिलकर लूट की घटनाएं करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक पिंटू पहले भी मारपीट और अपहरण के मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में परमानंद साहू, टेकराम उर्फ टीकू धीवर, पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम और योगीराज सोनवानी शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य इलाकों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है, जिसके संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है।

