MP News : आंधी-बारिश बनी आफत, सिंगरौली में कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबकर 9 साल की बच्ची की मौत
- Rohit banchhor
- 06 Jul, 2026
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
MP News : सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में रविवार रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंगरौलिया गांव में कच्चे मकान की दीवार गिरने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। बाहर तेज हवा और बारिश के बीच अचानक कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और घर में सो रहे तीन लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे में 9 वर्षीय कल्पना साकेत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ललन और 6 वर्षीय रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सासन चौकी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बैढ़न में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सासन चौकी प्रभारी संदीप नामदेव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज आंधी और बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार गिरना हादसे की वजह सामने आई है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

