सरकारी फायदे का दुरुपयोग, एक व्यक्ति ने बनवाएं दो आधार कार्ड, दोनों से ले लिया लोन
- Rohit banchhor
- 06 Oct, 2024
इससे कार्ड बनाने वाली एजेंसी से लेकर खुद ये युवक भी जांच के दायरे में आ गए हैं।
MP News : भोपाल/राजगढ़। क्या जन्मतिथि बदलकर कोई भी व्यक्ति अपने दो अलग-अलग नंबर के आधार कार्ड बनवा सकता है? यह सवाल इसलिए उठ खड़ा हुआ है क्योंकि जिले में दो ऐसे लोगों के अलग-अलग आधार कार्ड पकड़ में आए हैं, जिनमें नाम, फोटो, पता एक जैसा है, बस जन्मतिथि अलग-अलग है। फिंगरप्रिंट, थंब इंप्रेशन और रेटिना स्कैनिंग जैसे सुरक्षातंत्रों के आधार पर बनने वाले आधार कार्ड में ऐसी चूक गंभीर मामला है। एक फाइनेंस कंपनी की सतर्कता से उजागर हुए इन मामलों को प्रशासन ने जांच के लिए भोपाल भेज दिया है। पते और पहचान के लिए प्रामाणिक दस्तावेज माने जाने वाले आधार कार्ड के साथ स्थानीय स्तर पर छेड़खानी या लापरवाही हुई है। सुआहेड़ी निवासी महेश कुमार और चुकल्या गांव के ओमप्रकाश के दो-दो अलग-अलग नंबर वाले आधार कार्ड बन गए हैं। इससे कार्ड बनाने वाली एजेंसी से लेकर खुद ये युवक भी जांच के दायरे में आ गए हैं।
MP News : दूसरी बार लोन लेते वक्त पकड़ा मामला-
चुकल्या गांव के ओमप्रकाश ने केफ्री फाइनेंस कंपनी से दो साल पहले 6 लाख का लोन लिया। जिसमें आधार 406175317978 बताया। कार्ड की कॉपी कंपनी को दी। अब ओमप्रकाश ने नए आधार 282047910491 से दूसरी फाइनेंस कंपनी में लोन के लिए आवेदन किया है। लेकिन डिफॉल्टर होने से मामला उजागर हो गया।
MP News : डिफॉल्टर हुए तो दूसरे नंबर से लिया लोन-
सूआहेड़ी गांव के महेश कुमार ने आधार 902912439767 से डेढ़ साल पहले केफ्री फाइनेंस कंपनी से पांच लाख का लोन लिया। किश्त न चुकाने पर डिफॉल्टर घोषित कर दिया। करीब 8 माह बाद महेश ने दूसरे आधार 713657804593 से इलेक्टिानिका कंपनी से पांच लाख का लोन ले लिया।

