India alliance : इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होगी DMK, 8 जून को दिल्ली में होना है बैठक, स्टालिन ने गिनाए कारण
- Rohit banchhor
- 04 Jun, 2026
पार्टी ने कांग्रेस पर तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए बैठक में शामिल न होने की घोषणा की है।
India alliance : नई दिल्ली। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया (India alliance meeting) की 8 जून को नई दिल्ली में होने वाली अहम बैठक से द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने दूरी बनाने का फैसला किया है। पार्टी ने कांग्रेस पर तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए बैठक में शामिल न होने की घोषणा की है।
डीएमके ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस के व्यवहार से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को गहरा आघात पहुंचा है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि कैडर की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस की मौजूदगी वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में डीएमके हिस्सा नहीं लेगी।
हालांकि, डीएमके ने स्पष्ट किया है कि बैठक में अनुपस्थित रहने का मतलब गठबंधन से दूरी बनाना नहीं है। पार्टी ने कहा कि वह देशहित और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपनी आवाज पहले की तरह बुलंद करती रहेगी तथा इंडिया गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों का समर्थन करती रहेगी।
डीएमके के इस फैसले से विपक्षी राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसका असर भविष्य के राजनीतिक समीकरणों और विपक्षी एकजुटता पर पड़ सकता है।
उधर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बैठक में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी पार्टी नेताओं पर हाल के दिनों में हुए हमलों का मुद्दा बैठक में उठा सकती हैं और इस मामले में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों से समर्थन मांग सकती हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के शामिल होने की संभावना है। वहीं, आम आदमी पार्टी पहले ही सार्वजनिक रूप से इंडिया गठबंधन से दूरी बना चुकी है, ऐसे में उसके इस बैठक में शामिल होने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।

