Bank Fraud : बंधन बैंक में बड़ा घोटाला, 93 ग्राहकों से लाखों की ठगी कर फरार हुआ रिलेशनशिप ऑफिसर
Bank Fraud : रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के जगतपुर में बंधन बैंक की शाखा में एक बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। बैंक के रिलेशनशिप ऑफिसर अभिषेक सिंह ने 93 ग्राहकों से 1,97,290 रुपये की ठगी की और फिर फरार हो गया। यह फर्जीवाड़ा बैंक के ऑडिट के दौरान सामने आया, जिसके बाद एरिया मैनेजर संजय तिवारी ने अभिषेक के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मुकदमा दर्ज कराया।
Bank Fraud : कैसे हुआ फर्जीवाड़ा
एरिया मैनेजर के अनुसार, अभिषेक सिंह हर महीने ग्राहकों से ऋण की किश्तों के नाम पर पैसे वसूलता था, लेकिन इन राशियों को उनके खातों में जमा नहीं करता था। इसके चलते ग्राहकों के बचत खातों से स्वतः राशि कटने लगी। जब ग्राहकों को अपने खातों से पैसे कटने के संदेश मिले, तो उन्होंने शिकायत दर्ज की। 16 जुलाई 2025 को अभिषेक ने घर जाने की बात कहकर बैंक छोड़ा और उसी दिन अपना इस्तीफा भेज दिया। शाखा प्रबंधक राघवेंद्र सिंह ने बिना किसी जांच या सूचना के इस्तीफा स्वीकार कर लिया। बाद में ऑडिट के दौरान इस गबन का खुलासा हुआ।
Bank Fraud : पुलिस जांच शुरू
जगतपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि अभिषेक सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दस्तावेजों व सबूतों को इकट्ठा किया जा रहा है। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

