शराब दुकान के सामने से चुराता था बाइक, नशे की लत ने बनाया चोर, आरोपी गिरफ्तार
MP News : भोपाल। शराब लोगो को बर्बाद कर देती है, राजधानी भोपाल में यह कहावत चरितार्थ हुई है। जहां नशे के शौक में एक युवक पैसे नहीं मिले तो पहले चोर और बाद में बदमाश बन गया। जानकारी के अनुसार नशे का आदी निगरानी बदमाश पवन कठोतिया शराब की दुकान के सामने से दो पहिया वाहन चोरी करता था।
MP News : रैकी करने के बाद वह वारदात को अंजाम देता था। रायसेन से डिमांड आने पर उसने बुलेट चोरी की थी। इससे पहले वह उसे 25 हजार रुपए में बेच पाता, अयोध्यानगर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी से बुलेट समेत चार बाइक बरामद की हैं, जिनकी कीमत साढ़े चार लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी शातिर चोर है। एक महीने पहले ही जेल से छूटा है।

MP News : अयोध्यानगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने थाने के निगरानी बदमाश पवन कठोतिया निवासी काकड़ा क्रेशर बस्ती अयोध्यानगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बताया गया था कि पवन ने बुलेट चोरी की है, जिसे वह रायसेन में बेचने वाला है। बुलेट की उसके पास डिमांड आई थी। पूछताछ में पवन ने बुलेट समेत चार बाइक चोरी करना कबूल किया। पवन नशे का आदी है।
MP News : अधिकांश बाइक उसने शराब की दुकान के सामने से चोरी की है। कलारी पर वह दो पहिया वाहन की रैकी करता, इसके बाद मास्टर की और बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर लेता था। उसका पूर्व आपराधिक रिकार्ड है। आरोपी ने पांच महीने के अंदर कई बाइक चोरी की हैं। उसके खिलाफ अधिकांश मामले चोरी और नकबजनी के हैं। दिखाने के लिए वह मजदूरी का काम करता है।

