UP News : फर्जी IAS बनकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 3 सदस्य गिरफ्तार, 4 राज्यों में फैला नेटवर्क
- Rohit banchhor
- 11 Dec, 2025
यह गिरोह अब तक 40 से अधिक लोगों को ठगा चुका है और AI के माध्यम से फर्जी टेंडर बनाकर करोड़ों की ठगी की है।
UP News : गोरखपुर। सरकारी नौकरी और टेंडर दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं को लाखों-करोड़ों का झांसा देने वाले फर्जी IAS गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गोरखपुर SOG और गुलहरिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। मुख्य आरोपी ललित किशोर, निवासी सीतामढ़ी, खुद को IAS अधिकारी गौरव कुमार बताकर लोगों को फंसाता और करोड़ों रुपये ऐंठता था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश तक फैला हुआ था। आरोपियों के कब्जे से 4,15,500 रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, ATM कार्ड, पासबुक, फर्जी ID और नेमप्लेट बरामद हुए हैं। फर्जी IAS रौब जमाने के लिए 8 निजी गनर, सफेद कार और भारत का झंडा लेकर चलता था।
गिरोह का पर्दाफाश तब हुआ जब एक ठेकेदार ने पुलिस को संदेहास्पद सरकारी टेंडर दिखाया। जांच में पता चला कि दस्तावेज में अधिकारी के हस्ताक्षर, मुहर और लेटरहेड पूरी तरह नकली थे। इसके बाद पुलिस ने स्पेशल टीम बनाकर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय कर रही है। यह गिरोह अब तक 40 से अधिक लोगों को ठगा चुका है और AI के माध्यम से फर्जी टेंडर बनाकर करोड़ों की ठगी की है।

