Trump Tariffs: भारत समेत 60 देशों पर नया टैरिफ लगाने की तैयारी में अमेरिका, बताई ये बड़ी वजह
Trump Tariffs: नई दिल्ली। अमेरिका ने भारत सहित 60 देशों और अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ नई व्यापारिक कार्रवाई का प्रस्ताव पेश किया है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) का कहना है कि इन देशों ने कथित तौर पर जबरन श्रम (Forced Labour) से बने उत्पादों के आयात को रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं। इसी आधार पर अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने की सिफारिश की गई है।
भारत भी सूची में शामिल
यूएसटीआर की सूची में भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब, यूएई, सिंगापुर और ब्रिटेन जैसे प्रमुख व्यापारिक साझेदार भी शामिल हैं। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीयर ने कहा कि जबरन श्रम से बने उत्पादों का वैश्विक व्यापार अमेरिकी श्रमिकों के लिए असमान प्रतिस्पर्धा पैदा करता है।
10% से 12.5% तक अतिरिक्त टैरिफ का प्रस्ताव
प्रस्ताव के अनुसार कुछ देशों पर 10 प्रतिशत और अन्य देशों पर 12.5 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है। कपड़ा और परिधान क्षेत्र के कुछ उत्पादों के लिए अलग व्यवस्था का भी सुझाव दिया गया है। हालांकि ये शुल्क तुरंत लागू नहीं होंगे।
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर असर संभव
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने की दिशा में बातचीत कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार 120 अरब डॉलर से अधिक पहुंच चुका है।
6 जुलाई तक मांगे गए सुझाव
यूएसटीआर ने प्रस्ताव पर 6 जुलाई तक सार्वजनिक टिप्पणियां आमंत्रित की हैं। इसके बाद 7 जुलाई को सुनवाई होगी, जिसके आधार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। संभावित शुल्कों को लेकर वैश्विक व्यापार जगत की नजरें अब अमेरिका के अगले कदम पर टिकी हैं।

