Teacher Suspended : डीईओ ने उठाया कड़ा कदम, नशे में स्कूल पहुंचने वाले दो शिक्षक सस्पेंड
Teacher Suspended : बिलासपुर। जिले में शिक्षा व्यवस्था की मर्यादा तोड़ने वाले दो सहायक शिक्षकों पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों शिक्षक स्कूल में शराब के नशे में पहुंचने के आरोप में दोषी पाए गए हैं। स्थानीय शिकायत और जांच के बाद यह सख्त फैसला लिया गया।
पहला मामला मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत जुनवानी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का है। 6 मार्च को पंचायत के जनप्रतिनिधि स्कूल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान सहायक शिक्षक संदीप रात्रे शराब के नशे में पाए गए। स्कूल के प्रधान पाठक ने भी बताया कि संदीप रात्रे अक्सर बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।
ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ ने संयुक्त रूप से इसकी शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मस्तूरी को भेजी। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीईओ ने संदीप रात्रे को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दर्रीघाट निर्धारित किया गया है।
वहीं दूसरा मामला पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला कुकुर्दीकला का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक उत्तम कुमार कंवर के खिलाफ भी शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत मिली थी। बीईओ द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण में शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने उन्हें भी निलंबित कर दिया।

