सीएम राइज स्कूल में अजब-गजब कारनामा, गर्ल्स टॉयलेट को बना दिया बॉयज टॉयलेट
भोपाल। राजधानी भोपाल में अजब एमपी की एक गजब कहानी सामने आई है। जहां शान ओ शौकत से शुरू किए गए सीएम रईस स्कूल में प्रबंधन ने गलती से गर्ल्स टॉयलेट को बॉयज टॉयलेट में बदल दिया। यह मामला राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद स्थित सीएम राइज स्कूल से जुड़ा हुआ है। स्कूल की दूसरी मंजिल पर स्थित लड़कियों के टॉयलेट को बिना तोड़े, उसके ऊपर से बॉयज टॉयलेट बना दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह स्कूल पहले शासकीय कन्या आवासीय संस्कृत विद्यालय और हॉस्टल के भवन में चलता था, लेकिन अब यह भवन सीएम राइज स्कूल के लिए शिफ्ट किया गया है। इस दौरान, स्कूल की दूसरी मंजिल पर पहले लड़कियों के लिए टॉयलेट था, लेकिन बाद में उस टॉयलेट के ऊपर बॉयज टॉयलेट बना दिया गया। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि यह परिवर्तन संयुक्त संचालक के सुझाव पर किया गया था, जिन्होंने विजिट के दौरान इसे कन्वर्ट करने की सलाह दी थी।
स्कूल के प्रिंसिपल केडी श्रीवास्तव का कहना है कि जब सीएम राइज स्कूल का निर्माण हुआ था, तब इसका आधा हिस्सा लड़कियों के संस्कृत विद्यालय के लिए था। अब वह हिस्सा खाली हो गया और वहां लड़कों के टॉयलेट को शिफ्ट कर दिया गया। इस बदलाव के कारण ही यह विवाद उठ खड़ा हुआ। इस पूरे मामले को लेकर अब स्कूल और शिक्षा विभाग में चर्चाएं जारी हैं। लोग इस घटना को लेकर हैरान हैं कि किस तरह से एक स्कूल प्रबंधन ने बिना किसी स्पष्ट योजना के इस महत्वपूर्ण बदलाव को किया।

