बेंगलुरु में राहुल द्रविड़ की कार ऑटो रिक्शा से टकराई, गुस्से में बहस करते नजर आए द्रविड़, वीडियो वायरल
बेंगलुरु: भारत के महान बल्लेबाज और टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। दरअसल राहुल द्रविड़ की कार बेंगलुरु में एक ऑटो रिक्शा से टकरा गई। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आमतौर पर शांत स्वभाव के माने जाने वाले द्रविड़ गुस्से में बहस करते दिख रहे हैं। यह घटना मंगलवार शाम कनिंघम रोड पर हुई, जब द्रविड़ इंडियन एक्सप्रेस जंक्शन से हाई ग्राउंड्स की ओर जा रहे थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कार ट्रैफिक में फंसी थी और तभी एक सामान ढोने वाले ऑटो ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना के बाद द्रविड़ ने ऑटो चालक से कन्नड़ में बातचीत की और उसका फोन नंबर व वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बहस होती दिख रही है, हालांकि किसी को चोट नहीं आई और न ही पुलिस में कोई शिकायत दर्ज की गई।
52 वर्षीय द्रविड़ भारत के दिग्गज बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 24,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाए और 2007 विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी की। हाल ही में, उन्होंने टीम इंडिया को 2024 टी20 विश्व कप जिताने के बाद राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच के रूप में जिम्मेदारी संभाली। आईपीएल 2025 मेगा नीलामी में वे चर्चा में रहे, जब राजस्थान रॉयल्स ने 13 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को खरीदा, जो नीलामी इतिहास का सबसे युवा खिलाड़ी बना।

