आग से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, हादसा या हत्या? पुलिस जुटी जांच में...
MP News : भोपाल। राजधानी के जाटखेड़ी इलाके में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां 26 वर्षीय सतीश बिराड़े और उनकी 23 वर्षीय पत्नी आम्रपाली के जले हुए शव उनके घर में मिले। बिस्तर पर हड्डियों और राख के रूप में मिले इन अवशेषों ने इलाके में सनसनी फैला दी। घटना इतनी भयावह थी कि पुलिस को शवों को पोटलियों में बांधकर ले जाना पड़ा।
MP News : बता दें कि मिसरोद थाना क्षेत्र के जाटखेड़ी में सतीश और आम्रपाली अपने घर के अलग कमरे में रहते थे। घटना वाली रात कमरे में आग लगी, जिसने पूरे घर को चपेट में ले लिया। आग से पूरा सामान जल गया, लेकिन सतीश के ठीक बगल में रहने वाले परिजनों को इस घटना की भनक तक नहीं लगी।
MP News : घर के पीछे रहने वाली एक युवती ने सतीश के कमरे की दीवार गर्म होते देख इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। जब परिजन बाहर निकले, तो उन्होंने घर से धुआं उठता देखा। पानी डालकर किसी तरह आग बुझाई गई, लेकिन अंदर का मंजर बेहद डरावना था। कमरे में पति-पत्नी के राख और हड्डियों में तब्दील शव पड़े थे।
MP News : सवाल खड़े करते सबूत, हत्या या हादसा?
घटना को लेकर पुलिस को कई ऐसे सबूत मिले हैं, जो इसे सिर्फ हादसा मानने से रोकते हैं। घटना वाले दिन सतीश और आम्रपाली सलकनपुर और सांची घूमने गए थे। उन्होंने कई फोटोज भी खींची, जिनमें दोनों के चेहरे पर किसी तरह का तनाव नजर नहीं आ रहा था। वहीं घर के बाहर लगा कैमरा, जो हर दिन रिकॉर्डिंग करता था, घटना के दिन बंद पाया गया। घटना के दिन कमरे से गैस सिलेंडर को बाहर निकालकर रखा गया था, जो शक को और गहरा करता है।
MP News : परिवार में विवाद नहीं, फिर क्या हुआ?
सतीश और आम्रपाली के परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच कोई विवाद नहीं था। वे अपने अलग कमरे में रहते थे और सामान्य दंपत्ति की तरह अपनी जिंदगी बिता रहे थे। परिजन इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और पुलिस से सच्चाई सामने लाने की अपील कर रहे हैं।
MP News : पुलिस की जांच जारी-
मिसरोद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि घटना की हर बारीकी से पड़ताल की जा रही है। आग लगने का कारण, कैमरा बंद होने की वजह और सिलेंडर बाहर रखने जैसे सवालों का जवाब तलाशा जा रहा है। इस घटना ने जाटखेड़ी और आसपास के इलाके में दहशत फैला दी है। लोग इसे हत्या मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे हादसा करार दे रहे हैं। पुलिस की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि सतीश और आम्रपाली की मौत के पीछे का सच क्या है।

