MPSOS RJN 2026: रूक जाना नहीं परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, फेल और अनुपस्थित छात्रों को मिला दूसरा मौका, इस दिन तक कर सकते है आवेदन
MPSOS RJN 2026: भोपाल: मध्य प्रदेश स्टेट ओपन स्कूल एजुकेशन बोर्ड (MPSOS), भोपाल ने "रुक जाना नहीं" (RJN) परीक्षा योजना 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह योजना उन विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है जो वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में असफल रहे हैं या किसी कारणवश परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। इच्छुक छात्र 20 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना के तहत मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की वर्ष 2026 की परीक्षा में असफल विद्यार्थी आवेदन के पात्र हैं। इसके अलावा, जो छात्र मुख्य परीक्षा में अनुपस्थित रहे थे या अप्रैल-मई 2026 में आयोजित सेकेंड चांस परीक्षा में सफल नहीं हो सके, वे भी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
केवल फेल विषयों की होगी परीक्षा
रुक जाना नहीं योजना की खास बात यह है कि छात्रों को केवल उन्हीं विषयों की पुनः परीक्षा देनी होगी जिनमें वे अनुत्तीर्ण हुए हैं। जिन विषयों में वे पहले ही पास हो चुके हैं, उनके अंक यथावत मान्य रहेंगे। परीक्षा वर्तमान एमपी बोर्ड पाठ्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।
दिसंबर में भी मिलेगा दूसरा मौका
यदि कोई छात्र जून 2026 की परीक्षा में सफल नहीं हो पाता है, तो उसे दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाले अगले परीक्षा चक्र में फिर से आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
आवेदन की प्रक्रिया
विद्यार्थी MPSOS या MP Online पोर्टल पर जाकर आवेदन पत्र भर सकते हैं। इसके बाद परीक्षा विषयों का चयन, आवश्यक दस्तावेज अपलोड और ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन जमा करने के बाद उसकी प्रिंट कॉपी सुरक्षित रखना आवश्यक है। परीक्षा जून 2026 के अंतिम सप्ताह में ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।

