MP News : आरक्षक आत्महत्या मामले में चौंकाने वाला खुलासा, ब्लैकमेलिंग के आरोप में दो नर्स समेत तीन गिरफ्तार
- Rohit banchhor
- 13 Jun, 2026
तीनों पर आरक्षक को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने का आरोप है।
MP News : मंडला। बम्हनी थाना परिसर में आरक्षक सुनील सरयाम की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच ने बड़ा मोड़ ले लिया है। मामले की पड़ताल के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दो नर्सों और उनके भाई को गिरफ्तार किया है। तीनों पर आरक्षक को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार थाना परिसर स्थित पुलिस क्वार्टर में आरक्षक सुनील सरयाम मृत पाए गए थे। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में उन्होंने कुछ लोगों का उल्लेख करते हुए मानसिक प्रताड़ना और दबाव की बात लिखी थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया कि जांच में पता चला है कि कोविड काल के दौरान आरक्षक का संपर्क दो नर्सों से हुआ था। बाद में निजी तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर कथित रूप से उनसे पैसों की मांग की जाने लगी। लगातार मिल रही धमकियों और दबाव के कारण आरक्षक गंभीर मानसिक तनाव में रहने लगे थे।
जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों नर्सों और उनके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला कब से चल रहा था तथा इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

