MP News : इंस्टाग्राम की चमक-दमक ने फंसाया जाल में, फर्जी आईडी बनाकर छात्रा को ले भागा युवक, पुलिस ने मुरैना से किया रेस्क्यू
- Rohit banchhor
- 13 Jun, 2026
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया है।
MP News : शहडोल। सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली आभासी दुनिया और वास्तविकता के बीच का अंतर एक बार फिर सामने आया है। शहडोल जिले में इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर एक युवक ने कॉलेज छात्रा को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और उसे लेकर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, जैतपुर क्षेत्र की 18 वर्षीय प्रथम वर्ष की छात्रा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक के संपर्क में आई थी। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली और संपन्न दिखाने के लिए फर्जी आईडी बनाई हुई थी। बताया जाता है कि वह पेशे से पुट्टी-पुताई का काम करता था, लेकिन आलीशान मकानों में काम के दौरान खींची गई तस्वीरों को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी अलग छवि प्रस्तुत करता था।
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवक ने छात्रा का विश्वास जीत लिया। इसके बाद वह शहडोल पहुंचा और छात्रा को अपने साथ लेकर चला गया। युवती के अचानक लापता होने पर परिजनों ने 6 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस की। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम मुरैना जिले के एक गांव पहुंची, जहां आरोपी के रिश्तेदार के घर से युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
हालांकि पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल उसकी तलाश जारी है और पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को गुमराह करने का उदाहरण है। युवाओं और अभिभावकों को सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

